भारत माता को दुनिया के सर्वोच्च शिखर पर बैठाना भाजपा की प्रतिबद्धता: नंदकिशोर

0

परवेज अख्तर/एडिटर इन चीफ:
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय प्रशिक्षण विभाग की ओर से सिवान के बैकुंठ बीएड कॉलेज में आयोजित तीन दिवसीय जिला प्रशिक्षण शिविर का समापन रविवार को बिहार सरकार के पूर्व मंत्री नंदकिशोर यादव के संबोधन के साथ संपन्न हो गया है। इस दौरान वरिष्ठ नेता व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नंद किशोर यादव ने भाजपा कार्यकर्ताओं को राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ काम करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए भारत माता को दुनिया के सर्वोच्च शिखर पर बैठाना ही हमारी प्रतिबद्धता होनी चाहिए। व्यक्तित्व विकास पर संबोधन करते हुए नंदकिशोर ने कहा कि जिस तरह से बजरंगबली में अथाह क्षमता थी उसी तरह से भाजपा का हर एक कार्यकर्ता अपने आप में अतुलनीय होता है। हमारे प्यारे राष्ट्र को गौरव के शिखर पर ले जाने में इन सभी कार्यकर्ताओं की भूमिका भी निस्वार्थ, समर्पित और लक्ष्य केंद्रित होनी चाहिए। व्यक्तित्व विकास हेतु दुनिया भर के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत रहे स्वामी विवेकानंद के पांच सूत्रों का जिक्र करते हुए नंदकिशोर यादव ने कहा कि आत्मविश्वास, सकारात्मक दृष्टिकोण, आत्म नियंत्रण, मन की एकाग्रता और आत्मनिर्भरता व्यक्ति को पूर्णता की ओर ले जाती है और इसी राह पर चलकर भारत का एक एक व्यक्ति “आत्मनिर्भर भारत” के हमारे सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगा। भाजपा कार्यकर्ताओं को विशेष तौर पर कुशल संगठक बनने का पाठ पढ़ाते हुए नंदकिशोर ने कहा कि समाज और राष्ट्र की बेहतरी के लिए अगर कुछ करना है तो त्याग, समर्पण, सेवा और आस्था को अपने नित्य व्यवहार में शामिल करना होगा।

विज्ञापन
pervej akhtar siwan online
WhatsApp Image 2023-10-11 at 9.50.09 PM
WhatsApp Image 2023-10-30 at 10.35.50 AM
WhatsApp Image 2023-10-30 at 10.35.51 AM
ahmadali

भाजपा व्यक्ति केंद्रित नहीं, विचारधारा केंद्रित पार्टी

– नंदकिशोर ने भारतीय जनता पार्टी के आदर्शों की महत्ता स्पष्ट करते हुए कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी की सबसे बड़ी खूबी यही है कि हम कभी भी व्यक्ति केंद्रित नहीं रहे हैं। हमारा संगठन पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और राष्ट्र प्रथम के आदर्श पर चलता है और सभी कार्यकर्ताओं को उसी आदर्श के लिए काम करना है। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी में आज जो अध्यक्ष हैं वह कब तक रहेंगे और अगले अध्यक्ष कौन होंगे, यह कोई नहीं जानता क्योंकि पार्टी केवल उन पर भरोसा जताती है जो समर्पित भाव से भारत को वैभव के शिखर पर पहुंचाने के लिए काम कर रहे हैं।

नेता वही जो नेतृत्व का विश्वास स्थापित कर सकें

– नेतृत्व का गुण विकसित करने का गुर सिखाते हुए नंदकिशोर ने कहा कि एक अच्छा कार्यकर्ता बेहतर नेता तभी बन सकता है जब उसके अंदर “पूर्व नियोजन और पूर्ण नियोजन” की क्षमता हो। कुशल संगठक वही है जो सबको साथ लेकर चलता है और काम का दायित्व सौंपने की कला जानता है। उन्होंने कहा कि पार्टी के छोटे बड़े निर्णयों पर हंगामा खड़ा करने वालों को समझना चाहिए कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों के लिए धैर्य और फैसलों को स्वीकार करने की क्षमता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नेता वही बन सकता है जो कार्यकर्ताओं में और जनता में कुशल नेतृत्व का विश्वास प्रकट कर सकता है। पार्टी नेतृत्व को विशेष तौर पर कार्यकर्ताओं से मधुर और सरल भाषा में बात करने की हिदायत देते हुए नंदकिशोर ने कहा कि इससे कार्यकर्ताओं के बीच ना केवल विश्वास बढ़ेगा बल्कि पार्टी के कार्य के प्रति उत्साह भी बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि संगठन ही नहीं किसी भी कार्य के सतत विकास के लिए लगातार परिश्रम जितना जरूरी है उतना ही अपने कार्यों का आत्ममंथन भी आवश्यक है। इससे हम कमियों को दूर कर सतत सफलता की ओर आगे बढ़ सकते हैं और यही व्यक्तित्व विकास का मूल मंत्र है। कार्यक्रम के अंत में जन गण मन के सामूहिक पाठ के साथ भारत माता की जय और वंदे मातरम का उद्घोष हुआ है।

भाजपा ने भारत के नामुमकिन सपनों को पूरा किया : जनक सिंह

– अंतिम दिन प्रशिक्षण शिविर को नंदकिशोर से पहले संबोधन करते हुए विधानसभा में उप सचेतक और विधायक जनक सिंह ने पार्टी के इतिहास और विकास पर विस्तार से प्रकाश डाला है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने भारत के सारे नामुमकिन लगने वाले सपनों को पूरा किया है। पार्टी के अतीत की चुनौतियों को याद करते हुए उन्होंने कहा 50 के दशक में जनसंघ की स्थापना से लेकर आज दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आने तक महज सात दशकों में पार्टी ने स्वर्णिम इतिहास बनाया है। उन्होंने कहा कि जब पहली बार पार्टी के केवल दो सांसद चुनाव जीतकर संसद में पहुंचे थे। तब तत्कालीन सरकार में शामिल लोग हंसते थे। आज उसी भाजपा की राजनीतिक राह के अंधेरे छंट गए हैं, कमल खिला है। आज पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ संसद में बैठी है और भारत की अखंडता और सशक्तिकरण से जुड़े सभी मुश्किल से लगने वाले कार्यों को पूरा कर रही है। इसमें कश्मीर से धारा 370 हटाने से लेकर अयोध्या में पांच दशकों से प्रतीक्षित राम मंदिर निर्माण तक की विराट उपलब्धियां शामिल रही हैं। उन्होंने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को विश्व पटल के शिखर पर ले जाने के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रही है।

सामरिक, सांस्कृतिक, वैज्ञानिक, साहित्यिक हर मोर्चे पर भारत आत्मनिर्भर: सिग्रीवाल

इसी तरह से सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने भी अपने संबोधन में राष्ट्र के चौमुखी विकास के साथ इसके सशक्तिकरण के जरिए आत्मनिर्भर बनाने के विषय पर संबोधन किया है। उन्होंने कहा कि आज देश में सामरिक मोर्चे से लेकर आर्थिक, साहित्यिक, सांस्कृतिक और वैज्ञानिक मोर्चे पर भारत वैश्विक पटल पर अपना परचम लहरा रहा है। यह केंद्र में भाजपा सरकार के मजबूत इरादे और सशक्त इच्छाशक्ति की बदौलत संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत का आह्वान किया है जिसमें “वोकल फॉर लोकल”, “मेक इन इंडिया” और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए तमाम योजनाएं शामिल की गई हैं। आज भारत के युवा उद्यमिता, वैज्ञानिक शोध, साहित्यिक और सांस्कृतिक उपलब्धियों में विश्व पटल पर परचम लहरा रहे हैं जो आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार होने की दिशा में सार्थक कदम है। सिवान भाजपा अध्यक्ष संजय पांडे के नेतृत्व में आयोजित हुए इस कार्यक्रम में भाजपा बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक रमेंद्र रॉय, दरौंदा के विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास जी, पूर्व विधायक रामायण मांझी, पूर्व विधायक व्यास देव प्रसाद, जिला प्रभारी रणजीत सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष प्राचार्य अभिमन्यु सिंह, किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह उर्फ बिट्टू सिंह, जिला भाजपा के महामंत्री प्रदीप कुमार रोज और हरेंद्र सिंह कुशवाहा समेत पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। पार्टी के जिला महामंत्री राजेश श्रीवास्तव ने पूरे प्रशिक्षण सत्र का संचालन किया है।